नौली।सलूम्बर पर्यूषण पर्व के पावन अवसर पर रविवार को जैन समाज की ओर से नगर में भव्य धार्मिक शोभायात्रा निकाली गई। श्रद्धा और उत्साह से सराबोर समाजजन इसमें शामिल हुए। महिला, पुरुषों के साथ बच्चों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया। शोभायात्रा के दौरान भगवान महावीर के जयकारों से नगर का वातावरण भक्तिमय हो उठा।
धर्म और संस्कार का दिया संदेश
शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। श्रद्धालु धार्मिक भजनों और जयकारों के साथ पर्व की खुशियां मनाते नजर आए। मार्ग में जगह-जगह लोगों ने शोभायात्रा का स्वागत किया। इस दौरान समाजजनों ने पर्यूषण पर्व के आध्यात्मिक महत्व को बताते हुए अहिंसा, सत्य, संयम और क्षमा को जीवन में अपनाने का संदेश दिया।
मंदिर में की पूजा-अर्चना
पर्व के तहत समाजजनों ने जैन मंदिर में पूजा-अर्चना कर भगवान के दर्शन किए और परिवार व समाज की सुख-समृद्धि की कामना की। आयोजन के समापन पर समाज के लोगों ने एक-दूसरे को पर्यूषण पर्व की शुभकामनाएं दीं। पूरे आयोजन को लेकर जैन समाज में खासा उत्साह दिखाई दिया।