सेमारी। सलूंबर जिले में बिजली ट्रांसफॉर्मरों को निशाना बनाकर तांबा चुराने वाले गिरोह का सेमारी थाना पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में दो युवकों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि से संघर्षरत बालक को निरुद्ध किया गया है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने सेमारी, सराड़ा और झल्लारा थाना क्षेत्रों में ट्रांसफॉर्मर तोड़कर तांबा चुराने की वारदातों में शामिल होना स्वीकार किया है।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर 24 किलो 820 ग्राम तांबा और ट्रांसफॉर्मर का बॉडी कवर बरामद किया है। गिरोह के अन्य संभावित साथियों और चोरी की दूसरी वारदातों को लेकर जांच जारी है।
पोल से गिराकर ट्रांसफॉर्मर तोड़ते, निकाल लेते थे तांबा
पुलिस के अनुसार, 7 अक्टूबर 2026 को अजमेर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (एवीवीएनएल) के जीएसएस सेमारी में कार्यरत कनिष्ठ अभियंता अंकित कुमार जैन ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि 25 अगस्त की रात दर्जनपुरा गांव और सेमारी पंचायत समिति रोड पर लगे 16 केवीए क्षमता के सिंगल फेज ट्रांसफॉर्मरों को अज्ञात बदमाशों ने पोल से नीचे गिराकर क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके बाद ट्रांसफॉर्मरों के भीतर से तांबा निकालकर ले गए।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दबोचे आरोपी
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला पुलिस अधीक्षक विश्नाराम बिश्नोई, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रतन चावला और सराड़ा पुलिस उप अधीक्षक कृष्णगोपाल के निर्देशन में सेमारी थानाधिकारी हरिशंकर कटारा के नेतृत्व में टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना और आसूचना तंत्र के आधार पर संदिग्धों तक पहुंचकर कार्रवाई की।
पुलिस ने प्रकाश मीणा (32) निवासी गेजुवा और लोकेश मीणा (19) निवासी डिंगरी, थाना सराड़ा को गिरफ्तार किया। वहीं, एक विधि से संघर्षरत बालक को भी हिरासत में लिया गया है।
सेमारी से झल्लारा तक फैली थीं वारदातें
पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों ने सेमारी थाना क्षेत्र के दर्जनपुरा और पंचायत समिति रोड के अलावा सराड़ा क्षेत्र के सुरखण्ड का खेड़ा, हर्षन तालाब और नावड़ा में भी ट्रांसफॉर्मर तोड़कर तांबा चोरी किया था। झल्लारा थाना क्षेत्र के मानपुरा सालैया में हुई वारदात में भी उनकी संलिप्तता सामने आई है।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी का तांबा और ट्रांसफॉर्मर का बॉडी कवर जब्त किया है। अब पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य संदिग्धों की भूमिका की पड़ताल करने के साथ ही आरोपियों से आगे की पूछताछ कर रही है।
पुलिस टीम में ये रहे शामिल
कार्रवाई करने वाली टीम में सेमारी थानाधिकारी हरिशंकर कटारा, एएसआई हिम्मतसिंह राठौड़, हेड कांस्टेबल राजेंद्रलाल तथा कांस्टेबल अजीत कुमार, तेजेंद्रसिंह, भानुप्रताप सिंह, भरत कुमार, हेमेन्द्रसिंह चौहान और रमेशचंद्र शामिल रहे।