सलूम्बर जिले में राज्य स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में EMRS सराड़ा की धमाकेदार जीत, राष्ट्रीय टीम में कई खिलाड़ी चयनित
सराड़ा। राष्ट्रीय आदिवासी छात्र शिक्षा समिति द्वारा आयोजित 5वीं राज्य स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता-2025 का आयोजन उदयपुर जिले में किया गया, जिसमें राजस्थान के सभी एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों ने भाग लिया।
प्रिंसिपल श्री जय मीणा एवं शारीरिक शिक्षा शिक्षक के नेतृत्व में EMRS सराड़ा के विभिन्न खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में भाग लिया।
प्रतियोगिता में एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय, सराड़ा की टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी चारों टीमों को फाइनल तक पहुँचाया। इनमें अंडर-19 कबड्डी गर्ल्स टीम ने सभी प्रतिद्वंद्वी टीमों को पराजित कर विजेता का खिताब अपने नाम किया, जबकि अंडर-19 वॉलीबॉल गर्ल्स, अंडर-19 हॉकी बॉयज़ एवं अंडर-19 फुटबॉल बॉयज़ टीमों ने उपविजेता स्थान प्राप्त किया।
इन उत्कृष्ट प्रदर्शन के चलते विद्यालय के कई खिलाड़ियों का चयन राष्ट्रीय टीम के लिए हुआ। विद्यालय के शारीरिक शिक्षा शिक्षक राहुल बलिहारा एवं पूजा दूधवाल के कुशल मार्गदर्शन और कठोर प्रशिक्षण से यह सफलता संभव हुई। खिलाड़ियों ने अपनी जीत का श्रेय अपने कोच को देते हुए कहा कि उनके निरंतर प्रोत्साहन और मार्गदर्शन ने उन्हें यह मुकाम दिलाया।
कोच राहुल बलिहारा ने बताया कि इस उपलब्धि से पूरे ट्राइबल बेल्ट के बच्चों में खेलों के प्रति नई ऊर्जा और रुचि उत्पन्न होगी तथा अधिक से अधिक खिलाड़ी आगे आएंगे।