सलूंबर जिले में बड़ा हादसा: तेज बहाव में बाइक सहित शिक्षक नदी में बहे, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सलूंबर जिले के झल्लारा थाना क्षेत्र मे एक शिक्षक तेज बहाव में बह गए। जानकारी के अनुसार शिक्षक वीरभद्र सिंह चुंडावत राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सामोडा में ड्यूटी पर जा रहे थे। इस दौरान वे झल्लारा-अमलोदा मार्ग पर स्थित सारणी नदी को पार कर रहे थे। बारिश से नदी में तेज बहाव होने के कारण उनकी बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वे बाइक सहित नदी में बह गए।
घटना की सूचना मिलते ही झल्लारा थाना अधिकारी धर्मेंद्र वाघेला पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कराया। साथ ही सिविल डिफेंस और एसडीआरएफ टीम को भी सूचना दी गई। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और शिक्षक की तलाश में रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया।
फिलहाल शिक्षक की मोटरसाइकिल को नदी से निकाल लिया गया है, लेकिन शिक्षक का अभी तक कोई सुराग नहीं लग पाया है। पुलिस और एसडीआरएफ की संयुक्त टीम लगातार उनकी तलाश में जुटी हुई है। वहीं, घटना की खबर से क्षेत्र में दहशत और अफरा-तफरी का माहौल है।
स्थानीय ग्रामीण भी बड़ी संख्या में घटनास्थल पर पहुंच गए और पुलिस व रेस्क्यू टीम की मदद में जुटे हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि तेज बहाव के दौरान नदियों और पुलियों को पार करने से बचें।

रिपोर्टर नाथू लाल सालवी

और पढ़ें

error: Content is protected !!