सलूंबर। जिला कलक्टर कार्यालय में जिला निर्वाचन अधिकारी की अध्यक्षता में मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम के प्रथम चरण के समापन पर प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन किया गया। इस अवसर पर जिले के मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में बैठक आयोजित की गई, जिसमें सभी दलों ने प्रक्रिया पर सहमति जताई।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि प्रकाशित प्रारूप मतदाता सूची का अवलोकन आम नागरिक, राजनीतिक दल एवं संबंधित हितधारक कर सकते हैं। यदि किसी मतदाता का नाम जोड़ना, हटाना या विवरण में संशोधन कराना हो तो निर्धारित प्रपत्रों के माध्यम से 15 जनवरी तक आपत्तियां एवं दावे प्रस्तुत किए जा सकते हैं।
उन्होंने कहा कि मतदाता सूची को त्रुटिरहित एवं अद्यतन बनाने के उद्देश्य से यह विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। सभी राजनीतिक दलों से आग्रह किया गया कि वे अपने बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं के माध्यम से सूची का सत्यापन कर आवश्यक सुझाव समय पर प्रस्तुत करें।
बैठक में निर्वाचन विभाग के अधिकारी, विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि तथा संबंधित कार्मिक मौजूद रहे। प्रशासन ने आम मतदाताओं से भी अपील की है कि वे अपने नाम, आयु, पता एवं अन्य विवरणों की जांच कर समय रहते आवश्यक सुधार कराएं, ताकि आगामी चुनावों में किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।