सलूंबर में मतदाता सूची पुनरीक्षण पूरा 2.74 लाख मतदाताओं ने भरे फॉर्म, 16 जनवरी तक दावे-आपत्तियां आमंत्रित

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सलूंबर विधानसभा क्षेत्र में मतदाता सूची के अद्यतन हेतु संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हो गया है। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार यह अभियान 4 नवंबर से 11 दिसंबर 2025 तक चलाया गया, जिसके तहत बूथ लेवल अधिकारियों द्वारा घर-घर जाकर गणना फॉर्म का वितरण एवं संग्रहण किया गया।
इस दौरान कुल 2 लाख 74 हजार से अधिक मतदाताओं द्वारा गणना फॉर्म भरे गए। पुनरीक्षण के अंतर्गत नए मतदाताओं का नाम जोड़ने, मृत अथवा स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटाने तथा त्रुटियों के संशोधन का कार्य किया गया। जिला निर्वाचन कार्यालय के अनुसार प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन कर दिया गया है।
निर्वाचन विभाग ने आम नागरिकों एवं राजनीतिक दलों से अपील की है कि वे प्रकाशित प्रारूप मतदाता सूची का अवलोकन कर लें। यदि किसी प्रकार की त्रुटि या आपत्ति हो तो 16 जनवरी तक संबंधित प्रपत्रों के माध्यम से दावा-आपत्ति दर्ज कराई जा सकती है। समय पर प्राप्त दावों और आपत्तियों के निस्तारण के बाद अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा।
प्रशासन ने बताया कि निष्पक्ष और पारदर्शी निर्वाचन प्रक्रिया सुनिश्चित करने के लिए मतदाता सूची का शुद्धिकरण अत्यंत आवश्यक है। मतदाताओं से आग्रह किया गया है कि वे अपने नाम, पता एवं अन्य विवरणों की जांच अवश्य कर लें, ताकि आगामी चुनाव में किसी प्रकार की असुविधा न हो।

और पढ़ें

error: Content is protected !!