सलूंबर। राज्य सरकार के दो वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने के अवसर पर मंगलवार को सलूंबर में जिला विकास प्रदर्शनी का शुभारंभ किया गया। कलेक्ट्रेट परिसर में जिला प्रशासन एवं सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस प्रदर्शनी का उद्घाटन प्रभारी मंत्री ने फीता काटकर किया। इस दौरान उन्होंने जिले के विकास कार्यों पर आधारित विकास पुस्तिका का भी विमोचन किया।
प्रदर्शनी में सरकार के दो वर्षों के कार्यकाल में जिले में किए गए विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं, अधोसंरचना विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, कृषि, पेयजल, सड़क निर्माण सहित विभिन्न विभागों की उपलब्धियों को प्रदर्शित किया गया है। स्टॉलों के माध्यम से आमजन को योजनाओं की जानकारी दी जा रही है।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने सेवा, सुशासन और विकास को प्राथमिकता देते हुए जनहित में अनेक महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। प्रदर्शनी का उद्देश्य आमजन को सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों से अवगत कराना है, ताकि अंतिम पंक्ति तक लाभ पहुंच सके।
कार्यक्रम में जिला कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, जिला परिषद सीईओ, विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे। प्रदर्शनी आगामी दिनों तक आमजन के अवलोकन के लिए खुली रहेगी।