सलूंबर में विकास की झलकः प्रभारी मंत्री ने फीता काटकर किया जिला विकास प्रदर्शनी का शुभारंभ

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सलूंबर। राज्य सरकार के दो वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने के अवसर पर मंगलवार को सलूंबर में जिला विकास प्रदर्शनी का भव्य शुभारंभ किया गया। कलेक्ट्रेट परिसर में जिला प्रशासन एवं सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस प्रदर्शनी का उद्घाटन जिला प्रभारी मंत्री हेमंत मीणा ने फीता काटकर किया। इस मौके पर उन्होंने जिला विकास पुस्तिका का भी विमोचन किया।प्रभारी मंत्री हेमंत मीणा ने प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए कहा कि इस प्रकार की विकास प्रदर्शनियों से आमजन को राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत और सटीक जानकारी मिलती है। उन्होंने विश्वास जताया कि जिले के नागरिक इन योजनाओं से अधिकाधिक लाभान्वित होंगे। मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल, सामाजिक सुरक्षा सहित सभी क्षेत्रों में चौतरफा विकास किया है, जिसे प्रदर्शनी एवं विकास पुस्तिका के माध्यम से एक ही मंच पर प्रस्तुत किया गया है।
उद्घाटन के पश्चात प्रभारी मंत्री हेमंत मीणा एवं जिला कलेक्टर अवधेश मीना ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से योजनाओं की प्रगति, नवाचारों एवं उपलब्धियों की जानकारी ली। प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ जिले के अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक पहुँचे, इसके लिए प्रभावी और पारदर्शी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए।
जिला प्रशासन एवं सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा प्रकाशित जिला विकास पुस्तिका में जिले के विभिन्न विभागों की प्रमुख योजनाओं, नवाचारों और उपलब्धियों को समाहित किया गया है। प्रभारी मंत्री ने इस पुस्तिका को जिले के समग्र विकास की दिशा और गति को दर्शाने वाला एक महत्वपूर्ण दस्तावेज बताया।
जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी पुष्पक मीणा ने बताया कि राज्य सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित यह जिला विकास प्रदर्शनी 16 से 18 दिसंबर तक आमजन के लिए खुली रहेगी। प्रदर्शनी प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक निःशुल्क अवलोकन के लिए उपलब्ध रहेगी। आम नागरिक प्रदर्शनी में उपस्थित विभागीय अधिकारियों से विभिन्न योजनाओं से संबंधित जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।
इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलेक्टर डॉ. दिनेश राय सापेला, पुलिस अधीक्षक राजेश यादव, कन्हैयालाल मीणा सहित जिला स्तरीय अधिकारी, कर्मचारी, मीडियाकर्मी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

और पढ़ें

error: Content is protected !!