जैन मंदिर से चोरी भगवान पार्श्वनाथ की मूर्ति बरामद, सलूम्बर पुलिस ने आरोपी दबोचा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सलूम्बर जिले के गुड़ेल गांव स्थित पार्श्वनाथ जैन मंदिर से चोरी हुई भगवान पार्श्वनाथ की मूर्ति को पुलिस ने बरामद कर लिया है। गींगला थाना पुलिस ने इस मामले में एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार करते हुए वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त की है।
जिला पुलिस अधीक्षक श्री राजेश कुमार यादव के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रतन चावला एवं वृत्ताधिकारी हेमन्त जोशी के सुपरविजन में थाना अधिकारी धर्मेन्द्र सिंह वाघेला के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों व मुखबिर तंत्र की सहायता से आरोपी तक पहुंच बनाई।
मंदिर के पुजारी जीतमल जैन (55) निवासी गुड़ेल ने गींगला थाने में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि 4 दिसंबर 2025 को नियमित पूजा के लिए मंदिर नहीं पहुंच सके थे। शाम को सूचना मिली कि मंदिर से लगभग 5 इंच ऊंची पीतल की भगवान पार्श्वनाथ की मूर्ति चोरी हो गई है।
पुलिस ने गहन अनुसंधान के बाद आरोपी कालू उर्फ कालूलाल मीणा (28) पुत्र होमा मीणा निवासी धामनिया हडवी फला, थाना लसाडिया, जिला सलूम्बर को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने चोरी करना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर चोरी की गई मूर्ति व मोटरसाइकिल बरामद की गई।
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी चोरी के कई प्रकरण दर्ज हैं, जो न्यायालय में विचाराधीन हैं। मूर्ति बरामद होने के बाद जैन समाज व ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है।

और पढ़ें

error: Content is protected !!