सलूंबर जिले में जेताना श्री सरदार पटेल डांगी समाज विकास संस्थान राजस्थान के तत्वावधान में आयोजित पटेल प्रीमियम लीग–7 क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य एवं ऐतिहासिक शुभारंभ राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय जेताना के खेल मैदान में श्रद्धा, उत्साह और खेल भावना के साथ सम्पन्न हुआ।
टूर्नामेंट का उद्घाटन श्री महंत योगी प्रकाशनाथ जी महाराज, पीठाधीश्वर अघोर पशुपति पीठ, धोलागढ़ धाम के करकमलों द्वारा किया गया। इस अवसर पर योगी प्रकाशनाथ जी महाराज ने खिलाड़ियों एवं युवाओं को
संबोधित करते हुए कहा कि खेल केवल जीत हार का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, संयम, टीम भावना और चरित्र निर्माण का सशक्त साधन है। उन्होंने युवाओं से नशे और बुराइयों से दूर रहकर, पूरी निष्ठा व सकारात्मक सोच के साथ खेल में उत्कृष्टता हासिल करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मन का विकास होता है और खेल युवाओं को शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक रूप से सशक्त बनाते हैं। साथ ही खिलाड़ियों को आपसी भाईचारे, मर्यादा और खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने की प्रेरणा दी।
गौरतलब है कि श्री महंत योगी प्रकाशनाथ जी महाराज अघोर पशुपति पीठ, धोलागढ़ धाम के पीठाधीश्वर होने के साथ-साथ समाज सेवा, धर्म जागरण, युवाओं के चरित्र निर्माण एवं नशामुक्ति अभियान में निरंतर सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। खेल, शिक्षा और सामाजिक आयोजनों के माध्यम से युवाओं को सकारात्मक दिशा देने में उनकी विशेष पहचान है।
उद्घाटन समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में श्री महंत प्रकाश दास जी महाराज (श्री कृष्ण प्रणामी मंदिर, जेताना), श्री महंत सेवादास महाराज (रामदेव मंदिर आश्रम, जैताना) एवं श्री महंत ज्ञान दास जी महाराज (जेताना) उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि पूंजीलाल पटेल, ओबीसी जिला अध्यक्ष सलूंबर रहे। प्रमुख अतिथि के रूप में वाला पटेल अध्यक्ष, जलारा मंडल, शंकर जी पटेल ओबीसी मंडल जलारा एवं हितेश जोशी भाजपा मंडल अध्यक्ष) ने समारोह की शोभा बढ़ाई।
कार्यक्रम का आयोजन समस्त पटेल समाज जेताना द्वारा किया गया। आयोजन समिति में अध्यक्ष भीम जी पटेल, उपाध्यक्ष कचरूलाल पटेल, खेल मंत्री लालूराम पटेल सहित समाज के अनेक कार्यकर्ताओं ने सक्रिय योगदान दिया।
प्रातः 9 बजे आयोजित उद्घाटन समारोह में शोभावटी क्षेत्र के खिलाड़ी, समाजजन, बुजुर्ग, मातृशक्ति एवं युवा बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। उद्घाटन मुकाबला गामड़ी बनाम बड़ावली टीमों के बीच खेला गया, जिसे देखने के लिए दर्शकों में भारी उत्साह देखने को मिला।
जेताना नवयुग मंडल द्वारा बाहर से पधारे सभी अतिथियों का फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया गया। जैताना ग्रामवासियों एवं शोभावटी क्षेत्र के पटेल समाज ने जयकारों के साथ अतिथियों का अभिनंदन किया।
इस टूर्नामेंट में 52 गांवों की टीमें भाग ले रही हैं। प्रतियोगिता 2 जनवरी 2026 तक चलेगी, वहीं उसी दिन भव्य समापन समारोह आयोजित किया जाएगा। मंच संचालन शंकर पटेल, नाथूलाल जी पटेल, गौतम जी पटेल एवं देवीलाल पटेल ने किया।