झल्लारा (सलूंबर)। थाना क्षेत्र झल्लारा में सरेराह पथराव कर एक महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक अपचारी बालक को निरुद्ध किया गया है। इस जघन्य वारदात से क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी।
जिला पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार यादव के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रतन चावला के सुपरविजन एवं वृताधिकारी हेरम्ब जोशी के मार्गदर्शन में थानाधिकारी जय किशन के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने आरोपियों को पकड़ने में सफलता हासिल की।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी—
अनिल पिता लालशंकर बरगोट (23 वर्ष), निवासी करवाखास, थाना आसपुर, जिला डूंगरपुर तथा
नेपाल पिता नाथूराम डामोर (19 वर्ष), निवासी भोडन का वेला, थाना साबला, जिला डूंगरपुर हैं।
इसके अलावा एक अपचारी बालक को भी निरुद्ध किया गया है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
घटना का विवरण
पुलिस ने बताया कि 31 दिसंबर 2025 को एक परिवार गांव चिबोड़ा में आयोजित रिटायरमेंट कार्यक्रम में शामिल होकर बोलेरो गाड़ी से लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में मोटरसाइकिल पर आए बदमाशों ने उनकी गाड़ी को रोक लिया और अचानक पथराव शुरू कर दिया। हमले के दौरान एक महिला के सिर में पत्थर लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजन उसे इलाज के लिए उदयपुर ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की रिपोर्ट मिलते ही पुलिस थाना झल्लारा में मामला दर्ज कर त्वरित जांच शुरू की गई। तकनीकी साक्ष्य, सूचना तंत्र और संयुक्त पुलिस टीमों की मदद से आरोपियों को चिन्हित कर गिरफ्तार किया गया।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में थाना झल्लारा की टीम के साथ-साथ सलूंबर, गिंगला, सेमारी, कुण थाना एवं डीएसटी टीम का विशेष सहयोग रहा। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।