सलूंबर पशुपालकों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से सलूंबर जिले में पशुपालन विभाग द्वारा मुख्यमंत्री मंगना पशु बीमा योजना (MMPBY) के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए पंजीकरण एवं बीमा कार्य एक साथ प्रारंभ कर दिया गया है। इस योजना के तहत जिले में करीब 24 हजार पशुओं को बीमा कवच प्रदान किया जाएगा।
पशुपालन विभाग के अनुसार यह अभियान जिले के सभी ब्लॉकों में चलाया जा रहा है, जिसमें गाय, भैंस, बकरी एवं भेड़ जैसे पशुधन को शामिल किया गया है। योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी गांव-गांव जाकर पशुपालकों को योजना की जानकारी दे रहे हैं तथा मौके पर ही पंजीकरण की प्रक्रिया भी पूरी की जा रही है।
अधिकारियों ने बताया कि इस योजना के माध्यम से पशुओं की आकस्मिक मृत्यु की स्थिति में पशुपालकों को आर्थिक सहायता मिलेगी, जिससे उनकी आजीविका को सुरक्षा मिल सकेगी। योजना के प्रति पशुपालकों में उत्साह देखने को मिल रहा है और बड़ी संख्या में लोग पंजीकरण करवा रहे हैं।
पशुपालन विभाग ने पात्र पशुपालकों से अपील की है कि वे समय रहते योजना का लाभ उठाएं और अपने पशुधन का बीमा कराएं, ताकि किसी भी अनहोनी की स्थिति में आर्थिक नुकसान से बचा जा सके।







