महिला की मौत से आक्रोश, कलेक्ट्री पर परिजनों का प्रदर्शन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

उदयपुर के सरकारी पन्नाधाय महिला चिकित्सालय में डिलीवरी के बाद एक महिला की मौत के मामले ने तूल पकड़ लिया है। मामले में चिकित्सकीय लापरवाही का आरोप लगाते हुए विप्र महासेना एवं परिजनों ने गुरुवार को कलेक्ट्री परिसर में प्रदर्शन किया और दोषी डॉक्टरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
जानकारी के अनुसार मीना जोशी ने 13 जनवरी 2026 को पन्नाधाय महिला हॉस्पिटल में सिजेरियन ऑपरेशन के जरिए एक बच्ची को जन्म दिया था। ऑपरेशन के बाद महिला की हालत लगातार बिगड़ती चली गई। परिजनों का आरोप है कि उन्होंने बार-बार डॉक्टरों को प्रसूता की बिगड़ती हालत से अवगत कराया, लेकिन कोई ठोस उपचार नहीं किया गया।
विप्र महासेना के राष्ट्रीय संरक्षक डॉ. हेमंत जोशी ने बताया कि दूसरे दिन महिला का दोबारा ऑपरेशन किया गया, जिसके कुछ समय बाद डॉक्टरों ने बताया कि प्रसूता की दोनों किडनियां खराब हो चुकी हैं, जबकि प्रसव से पहले महिला पूरी तरह स्वस्थ थी।
हालत गंभीर होने पर परिजन महिला को इलाज के लिए अहमदाबाद ले गए, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजनों ने ऑपरेशन प्रक्रिया एवं दवाइयों में गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है।
मामले को लेकर परिजनों और समाजजनों ने कलेक्टर नमित मेहता को ज्ञापन सौंपते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। कलेक्टर ने मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

और पढ़ें

error: Content is protected !!