सलूम्बर जिला अस्पताल की पार्किंग बनी कचरा घर, पॉलिथीन खाने को मजबूर गाय — सलूम्बर में सफाई पर बड़ा सवाल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सलूम्बर। जिले की सफाई व्यवस्था एक बार फिर गंभीर सवालों के घेरे में है। जिला अस्पताल परिसर, जहां रोजाना सैकड़ों मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं, वहां कचरा प्रबंधन की स्थिति बेहद चिंताजनक बनी हुई है। अस्पताल में कचरा पात्र तक उपलब्ध नहीं होने के कारण पार्किंग क्षेत्र में ही कचरे का ढेर लगाया जा रहा है।
स्थिति तब और शर्मनाक हो गई जब अस्पताल की पार्किंग में पड़े कचरे के ढेर में एक गाय को पॉलिथीन खाते हुए देखा गया। अस्पताल जैसे संवेदनशील स्थान पर गंदगी के बीच बेजुबान पशुओं का पॉलिथीन खाना न केवल अमानवीय दृश्य है, बल्कि स्वास्थ्य व्यवस्था पर भी बड़ा प्रश्नचिन्ह खड़ा करता है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि खुले में पड़े कचरे के कारण गाय और अन्य आवारा पशु भोजन की तलाश में प्लास्टिक निगलने को मजबूर हो रहे हैं। पशु चिकित्सकों के अनुसार पॉलिथीन खाने से गायों के पेट में गंभीर संक्रमण और आंतों में रुकावट जैसी समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं, जिससे उनकी जान तक जा सकती है।
नागरिकों ने प्रशासन से तत्काल अस्पताल परिसर में कचरा पात्र की व्यवस्था करने, नियमित सफाई अभियान चलाने और प्लास्टिक पर सख्ती से रोक लगाने की मांग की है।
अब सवाल यह है कि क्या जिम्मेदार अधिकारी इस गंभीर लापरवाही पर कार्रवाई करेंगे या फिर अस्पताल परिसर यूं ही कचरे का अड्डा बना रहेगा?

और पढ़ें

error: Content is protected !!