सलूंबर में मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 2,78,375 मतदाता दर्ज, 1.45 प्रतिशत की वृद्धि; पुरुष 1,44,030 और महिला 1,34,345 भारत निर्वाचन आयोग द्वारा घोषित विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत
सलूंबर जिले की मतदाता सूची-2026 का अंतिम प्रकाशन शनिवार 21 फरवरी को कर दिया गया। अंतिम सूची जारी होने के साथ ही जिले में कुल मतदाताओं की संख्या बढ़कर 2,78,375 हो गई है, जो प्रारूप सूची की तुलना में 1.45 प्रतिशत अधिक है।
इससे पूर्व 4 नवंबर से 11 दिसंबर 2025 तक चले गणना चरण के बाद 16 दिसंबर को प्रारूप सूची प्रकाशित की गई थी, जिसमें 2,74,394 मतदाता दर्ज थे। दावे और आपत्तियों के निस्तारण के बाद मतदाताओं की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है।
दावे-आपत्तियों में हजारों आवेदन
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 16 दिसंबर 2025 से 19 जनवरी 2026 तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की गईं। इस दौरान नए मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए फॉर्म-6 एवं 6ए के कुल 3,574 आवेदन मिले। नाम विलोपन के लिए फॉर्म-7 के 455 आवेदन तथा विवरण संशोधन हेतु फॉर्म-8 के 1,294 आवेदन प्राप्त हुए।
निर्वाचक रजिस्ट्रेशन अधिकारी द्वारा सभी आवेदनों की सूची निर्धारित प्रपत्रों में तैयार कर प्रतिदिन नोटिस बोर्ड पर चस्पा की गई। साथ ही, दावे-आपत्तियों की साप्ताहिक जानकारी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को भी उपलब्ध कराई गई, जिससे पारदर्शिता सुनिश्चित हो सके।
लिंग-वार आंकड़े जारी
अंतिम सूची के अनुसार जिले में 1,44,030 पुरुष मतदाता और 1,34,345 महिला मतदाता पंजीकृत हैं। ट्रांसजेंडर मतदाताओं की संख्या शून्य दर्ज की गई है।
ऑनलाइन उपलब्ध सूची, सतत प्रक्रिया जारी
जिला निर्वाचन अधिकारी और मुख्य निर्वाचन अधिकारी की आधिकारिक वेबसाइटों पर अंतिम मतदाता सूची उपलब्ध करा दी गई है। मतदाता ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से अपना नाम जांच सकते हैं।
मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने अथवा संशोधन की प्रक्रिया निरंतर जारी रहेगी। इसके लिए संबंधित फॉर्म ऑनलाइन या बीएलओ के माध्यम से जमा किए जा सकते हैं।
यदि किसी मतदाता को निर्वाचक रजिस्ट्रेशन अधिकारी के निर्णय पर आपत्ति है, तो वह लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 की धारा 24 एवं निर्वाचक पंजीकरण नियम, 1960 के तहत निर्धारित समयावधि में अपील प्रस्तुत कर सकता है। पहली अपील 15 दिन के भीतर जिला मजिस्ट्रेट के समक्ष तथा दूसरी अपील 30 दिन के भीतर मुख्य निर्वाचन अधिकारी राजस्थान के समक्ष की जा सकती है।
मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन के साथ ही जिले में आगामी चुनावी तैयारियों को लेकर प्रशासनिक गतिविधियां तेज हो गई हैं।