नशे में पति बना हैवान: खाने के विवाद में पत्नी को लाठी से पीटकर उतारा मौत के घाट

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सलूंबर। जिले के एक गांव में घरेलू विवाद ने दर्दनाक रूप ले लिया, जब शराब के नशे में पति ने अपनी पत्नी की लाठी से बेरहमी से पिटाई कर दी। सिर में गंभीर चोट लगने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बीच-बचाव करने आए पिता भी हमले में घायल हो गए। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।
थानाधिकारी सेजल शेखावत ने बताया कि घटना 5 मार्च की रात की है। 6 मार्च को बरा बावसी फला निवासी देवा मीणा ने थाने में सूचना दी कि उसका बेटा शंकर मीणा शराब के नशे में घर पहुंचा और पत्नी लोगरी मीणा से खाने को लेकर विवाद करने लगा। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि शंकर ने गुस्से में लाठी उठाकर पत्नी पर ताबड़तोड़ वार कर दिए।
बताया जा रहा है कि मारपीट के दौरान लोगरी मीणा जमीन पर गिर गईं, लेकिन आरोपी का गुस्सा शांत नहीं हुआ और वह लगातार वार करता रहा। सिर में गंभीर चोट लगने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई। जब पिता देवा मीणा ने बीच-बचाव की कोशिश की तो आरोपी ने उन्हें भी लाठी से मारकर घायल कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जंगल के पास से आरोपी शंकर मीणा को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर एफएसएल टीम से मौके का निरीक्षण भी कराया।
इस कार्रवाई में थानाधिकारी सेजल शेखावत, उपनिरीक्षक हर्षराज सिंह, सहायक उपनिरीक्षक मनोहर सिंह सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्य मौजूद रहे।

और पढ़ें

error: Content is protected !!