सलूंबर। जिला कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार को जिला स्तरीय सतत विकास लक्ष्य (SDGs) क्रियान्वयन एवं मॉनिटरिंग समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में चल रही योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों से विस्तृत प्रोग्रेस रिपोर्ट ली गई और आगामी कार्ययोजना को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वर्ष 2030 तक निर्धारित सतत विकास लक्ष्यों को हासिल करने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करें। साथ ही विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों को इन लक्ष्यों के अनुरूप प्रभावी तरीके से लागू करने पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।
बैठक के दौरान पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास से जुड़े मुद्दों पर भी विस्तार से चर्चा हुई। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि जिले में चल रही योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए उनकी प्रगति की समीक्षा करें और समय पर रिपोर्ट अपडेट करें, ताकि जिले की प्रगति का सही आकलन किया जा सके।
कलेक्टर ने कहा कि सतत विकास से जुड़े सभी आंकड़े और जानकारी समय पर उपलब्ध कराना आवश्यक है, जिससे योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति स्पष्ट रहे और आवश्यक सुधार समय रहते किए जा सकें।
बैठक में विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी एवं प्रतिनिधि मौजूद रहे। उन्होंने अपने-अपने विभागों की योजनाओं की प्रगति और आगामी कार्यों की जानकारी भी साझा की।