सलूंबर। जिला कलेक्टर अवधेश मीणा ने सोमवार को आयोजित समीक्षा बैठक में जिले में चल रहे ‘पंच गौरव’ कार्यक्रम के तहत विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। बैठक के दौरान उन्होंने पलाश प्रोसेसिंग यूनिट का काम अब तक शुरू नहीं होने पर असंतोष जताते हुए संबंधित अधिकारियों को जल्द से जल्द इसे प्रारंभ कराने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि पलाश यूनिट शुरू होने से स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और ग्रामीणों को इसका सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने अधिकारियों से परियोजना में आ रही बाधाओं की जानकारी लेकर उन्हें तुरंत दूर करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिले के पर्यटन और सौंदर्यीकरण से जुड़े प्रस्तावों पर भी चर्चा हुई। कलेक्टर मीणा ने शहर की झील के आसपास कैफेटेरिया विकसित करने का सुझाव दिया, ताकि यह स्थान स्थानीय लोगों और पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बन सके। उन्होंने कहा कि उचित योजना बनाकर इस क्षेत्र को बेहतर पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जा सकता है।
समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने सभी विभागों को तय समय सीमा में कार्य पूर्ण करने और योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश भी दिए। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।