सलूम्बर जिले में झल्लारा क्षेत्र के बरोड़ा गांव स्थित बारोल जी मंदिर परिसर में 19 मार्च से नौ दिवसीय श्रीराम कथा प्रेम यज्ञ का आयोजन किया जाएगा। यह धार्मिक आयोजन चैत्र प्रतिपदा यानी हिंदू नववर्ष के पावन अवसर पर शुरू होगा, जिसमें क्षेत्रभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
आयोजन समिति के अनुसार कथा का वाचन खड़गदा निवासी कथावाचक कमलेश भाई शास्त्री द्वारा किया जाएगा। वहीं बरोड़ा गांव निवासी हितेश पुत्र चुन्नीलाल सेक्क ने धर्मकार्य के लिए 11 लाख रुपए की भेंट देकर मुख्य यजमान बनने का संकल्प लिया है।
कार्यक्रम की शुरुआत हिंदू नववर्ष के दिन भव्य शोभायात्रा से होगी। शोभायात्रा में आकर्षक झांकियां, भगवा ध्वज और भक्ति गीतों के साथ श्रद्धालु गांव के प्रमुख मार्गों से होते हुए बारोल जी मंदिर परिसर तक पहुंचेंगे।
आयोजन को सफल बनाने के लिए पूर्व में बारोल जी मंदिर परिसर में सर्व समाज की बैठक आयोजित की गई, जिसमें तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। बैठक में पांडाल एवं मंच सज्जा, ध्वनि व्यवस्था, स्वागत द्वार, प्रसाद वितरण, पेयजल, वाहन पार्किंग और अनुशासन व्यवस्था सहित विभिन्न समितियों का गठन कर जिम्मेदारियां तय की गई हैं।