सलूंबर। जलदाय विभाग के अधीन कार्यरत ठेका श्रमिकों की तहसील स्तरीय बैठक बुधवार को सेरिंग तालाब की पाल पर आयोजित हुई। बैठक में बड़ी संख्या में संविदा कर्मियों ने भाग लेते हुए अपनी विभिन्न समस्याओं और मांगों पर चर्चा की। श्रमिकों ने सरकार से नियमित वेतन श्रंखला में शामिल किए जाने की मांग को प्रमुखता से उठाया।
बैठक के दौरान कर्मचारियों के संगठन को मजबूत बनाने और अधिकारों की लड़ाई को संगठित रूप से आगे बढ़ाने के उद्देश्य से तहसील कमेटी का गठन किया गया। साथ ही भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी की शाखा कमेटी का भी विस्तार किया गया।
जिला अध्यक्ष मोहन खराड़ी ने संगठनात्मक नियुक्तियों की घोषणा करते हुए अशोक कुमार सेवक शर्मा को तहसील सचिव तथा मणिलाल मेघवाल को सहायक सचिव नियुक्त किया। कालूराम मीणा के निर्देशन में 12 सदस्यीय शाखा कमेटी का गठन किया गया, जो भविष्य में श्रमिक हितों से जुड़े मुद्दों पर कार्य करेगी।
बैठक में आगामी सलूंबर जिला सम्मेलन को लेकर भी रणनीति बनाई गई। पदाधिकारियों ने बताया कि राज्य कमेटी के निर्देशानुसार तिथि तय कर सम्मेलन आयोजित किया जाएगा।
इस दौरान दिलीप कुमार मीणा, शंकर नाथजोगी, मोहनलाल मीणा, अनिल रोत, तखत सिंह, भेरूसिंह, हेमराज और दुर्गेश सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।