पटेल समाज के पीड़ित परिवारों का आरोप, नए विवाद को पुराना बताकर प्रशासन को किया जा रहा गुमराह

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सलूंबर | झल्लारा क्षेत्र के पटेल समाज से जुड़े पीड़ित परिवारों ने आरोप लगाया है कि कुछ लोग वर्तमान विवाद को पुराना मामला बताकर पुलिस प्रशासन और अधिकारियों को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं, जबकि वास्तविकता में यह मामला नया है और हाल ही में परिवारों को फिर से प्रताड़ित किया जा रहा है।
पीड़ित परिवारों का कहना है कि पूर्व में जो विवाद था, उसका निपटारा झल्लारा थाने में आपसी सहमति से कर दिया गया था। उस समय दोनों पक्षों के बीच स्टांप पेपर पर लिखित समझौता भी हुआ था और उसी दिन पुराना विवाद पूरी तरह समाप्त हो गया था।
परिवारों ने आरोप लगाया कि अब पटेल समाज के कुछ लोग नए तरीके से उन्हें मानसिक और सामाजिक रूप से परेशान कर रहे हैं तथा समाज में आने-जाने पर रोक लगा रहे हैं। उनका कहना है कि उन्हें विवाह समारोह, धार्मिक आयोजन, सामाजिक कार्यक्रमों और बैठकों में शामिल होने से रोका जा रहा है।
पीड़ित परिवारों के अनुसार यदि कोई व्यक्ति उनके परिवार को किसी कार्यक्रम में बुलाता है या संपर्क रखता है तो उस पर भी दबाव बनाया जाता है। परिवारों का कहना है कि वर्तमान घटनाओं को जानबूझकर पुराना विवाद बताकर प्रशासन को भ्रमित किया जा रहा है ताकि वास्तविक कार्रवाई से बचा जा सके।
पीड़ित परिवारों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाई जाए तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।

और पढ़ें

error: Content is protected !!