समाज से बहिष्कार का आरोप: 26 परिवारों ने कलेक्टर से लगाई न्याय की गुहार “15 लाख जुर्माने और समाज से निकालने की धमकी”, झल्लारा के परिवारों ने जताई सुरक्षा की मांग

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सलुम्बर जिले के झल्लारा क्षेत्र में पटेल समाज से बहिष्कार और मानसिक प्रताड़ना का मामला सामने आया है। गांव के 26 परिवारों ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर कुछ लोगों पर अवैध रूप से समाज से बाहर करने, धमकाने और सामाजिक दबाव बनाने के गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़ित परिवारों ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
ज्ञापन में बताया गया कि समाज के कुछ लोग स्वयं को पंच बताकर परिवारों को सामाजिक आयोजनों, विवाह समारोहों और धार्मिक कार्यक्रमों से दूर रखने का प्रयास कर रहे हैं। आरोप है कि जो लोग इन परिवारों को कार्यक्रमों में बुलाते हैं, उन्हें भी समाज से बाहर करने और 15 लाख रुपए तक का जुर्माना लगाने की धमकी दी जाती है।
पीड़ितों का कहना है कि राजनीतिक प्रभाव और धनबल के जरिए गांव में भय और दबाव का माहौल बनाया जा रहा है, जिससे परिवार मानसिक, सामाजिक और आर्थिक रूप से परेशान हैं। ज्ञापन में कई व्यक्तियों के नाम भी उल्लेखित किए गए हैं, जिन पर प्रताड़ना और बहिष्कार करने के आरोप लगाए गए हैं।
प्रार्थियों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर संविधान द्वारा प्रदत्त समानता और स्वतंत्रता के अधिकारों की रक्षा की जाए तथा परिवारों को सुरक्षा और सामाजिक न्याय दिलाया जाए।
ज्ञापन पर झल्लारा निवासी 26 लोगों के हस्ताक्षर हैं, जिन्होंने सम्मानपूर्वक जीवन यापन के लिए प्रशासन से हस्तक्षेप की अपील की है।

और पढ़ें

error: Content is protected !!