गांधी चौक में गूंजा जल संरक्षण का संदेश, उत्कृष्ट कार्यकर्ताओं का हुआ सम्मान

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

 सलूंबर। जिले में पिछले दिनों से संचालित वंदे गंगा जल संरक्षण एवं जन-जन अभियान का जिला स्तरीय समापन समारोह शुक्रवार रात शहर के गांधी चौक पर आयोजित किया गया।
पर्यावरण संरक्षण और जल बचाने के संकल्प के साथ आयोजित कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने लोगों का मन मोह लिया, वहीं विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
समारोह में जिलेभर से आए जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, सामाजिक संगठनों और आमजन ने बड़ी संख्या में भागीदारी निभाई। कार्यक्रम के दौरान जल संरक्षण, पर्यावरण संवर्धन और जनजागरण से जुड़े संदेशों को लोक संस्कृति के माध्यम से प्रस्तुत किया गया। कलाकारों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों को जल और प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी का अहसास कराया।
अभियान के समापन अवसर पर 11 विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों, संस्थाओं और समूहों को सम्मानित किया गया। जल संरक्षण, स्वच्छता, पौधरोपण, जनजागरूकता और सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों के लिए सम्मान पाने वालों का मंच से अभिनंदन किया गया।
वक्ताओं ने कहा कि जल संरक्षण केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनआंदोलन का रूप लेना चाहिए। बदलते पर्यावरणीय हालात में प्रत्येक व्यक्ति को पानी बचाने और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के लिए आगे आना होगा। समारोह में अभियान के दौरान जिले में हुए कार्यों की जानकारी भी साझा की गई तथा भविष्य में जल संरक्षण के प्रयासों को और व्यापक बनाने का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने जल बचाने, पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए प्राकृतिक संसाधनों को सुरक्षित रखने का सामूहिक संकल्प लिया।

और पढ़ें

error: Content is protected !!