योग दिवस की तैयारियों पर मुख्य सचिव सख्त, व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सलूंबर। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को लेकर राज्य सरकार ने तैयारियों की रफ्तार तेज कर दी है। मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने रविवार को प्रदेशभर के अधिकारियों के साथ वर्चुअल समीक्षा बैठक कर योग दिवस आयोजन की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने सभी जिलों को समयबद्ध ढंग से व्यवस्थाएं पूर्ण करने तथा कार्यक्रम को जनभागीदारी से जोड़ने के निर्देश दिए।
बैठक में बताया गया कि इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस “योगा फॉर हेल्दी एजिंग” थीम पर मनाया जाएगा। मुख्य सचिव ने कहा कि 21 जून को सुबह 6 बजे से जिलेवार कार्यक्रमों का एक साथ शुभारंभ किया जाएगा।
इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्व निर्धारित समय में पूरी कर ली जाएं सलूंबर से जिला कलेक्टर मुहम्मद जुनैद पी.पी., अतिरिक्त जिला कलेक्टर डॉ. दिनेश राय सपेला, मुख्य कार्यकारी अधिकारी दिनेश चंद्र पाटीदार एवं आयुष विभाग के अधिकारी बैठक में शामिल हुए। जिला कलेक्टर ने संबंधित विभागों को आयोजन स्थल पर पार्किंग, पेयजल, बैठने सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में आगामी नीट यूजी परीक्षा की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को परीक्षा केंद्रों पर निर्धारित नियमों की कड़ाई से पालना करवाने तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए। साथ ही सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली भ्रामक सूचनाओं पर निगरानी रखते हुए तत्काल प्रभावी कदम उठाने पर भी जोर दिया गया।
बैठक के अंत में सभी विभागों को योग दिवस एवं अन्य निर्धारित कार्यक्रमों की व्यवस्थाएं तय समय सीमा में पूर्ण कर सुचारू संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

और पढ़ें

error: Content is protected !!