सलूम्बर। केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और उपलब्धियों को आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से जिला सूचना एवं जनसंपर्क कार्यालय की ओर से शुक्रवार को तीन दिवसीय प्रदर्शनी का शुभारंभ किया गया।
जिला पुस्तकालय सभागार में आयोजित प्रदर्शनी का उद्घाटन विधायक शांता देवी मीणा एवं जिला कलक्टर मुहम्मद जुनैद पी.पी. ने फीता काटकर किया।
प्रदर्शनी में शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, महिला सशक्तिकरण, सामाजिक सुरक्षा, पेयजल, ऊर्जा और आधारभूत ढांचे सहित विभिन्न क्षेत्रों में हुए विकास कार्यों को सचित्र रूप में प्रदर्शित किया गया है। उद्घाटन अवसर पर विधायक मीणा ने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है, जिससे समाज के हर वर्ग के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। उन्होंने सौर ऊर्जा को अपनाने और सरकारी प्रोत्साहन योजनाओं का लाभ लेने का भी आह्वान किया।
जिला कलक्टर मुहम्मद जुनैद पी.पी. ने कहा कि प्रदर्शनी का उद्देश्य आमजन को विभिन्न योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी उपलब्ध कराना है, ताकि पात्र व्यक्ति योजनाओं का लाभ उठा सकें। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य प्रत्येक नागरिक को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है।
कार्यक्रम के बाद जिला कलक्टर ने जिला पुस्तकालय का निरीक्षण कर विद्यार्थियों से संवाद किया। उन्होंने अध्ययन सुविधाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए तथा युवाओं को पुस्तकालय का अधिकाधिक उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।
प्रदर्शनी आगामी तीन दिनों तक प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक आमजन के लिए खुली रहेगी। विधायक एवं जिला कलक्टर ने जिलेवासियों से प्रदर्शनी का अवलोकन कर सरकारी योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी प्राप्त करने की अपील की। उद्घाटन समारोह में पूर्व प्रतिपक्ष नेता प्रभुलाल जैन, संजय चास्टा, भगवतीलाल सेवक सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, विद्यार्थी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।