सड़क सुरक्षा की दिशा में पहल, 165 वाहन चालकों की हुई नेत्र जांच

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सलूंबर। सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और वाहन चालकों की बेहतर स्वास्थ्य जांच के उद्देश्य से जिला परिवहन कार्यालय परिसर में शुक्रवार को निःशुल्क नेत्र जांच शिविर आयोजित किया गया।
जिला सड़क सुरक्षा समिति के तत्वावधान में आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में वाहन चालकों ने अपनी आंखों की जांच करवाई। विशेषज्ञ चिकित्सकीय टीम द्वारा दिनभर चली जांच में कुल 165 वाहन चालकों का परीक्षण किया गया।
जांच के दौरान चार चालकों में मोतियाबिंद की समस्या सामने आई, जिन्हें आगे के उपचार के लिए परामर्श दिया गया। वहीं दृष्टि संबंधी परेशानी वाले 90 चालकों को मौके पर ही निःशुल्क चश्मे उपलब्ध कराए गए।
इसके अलावा 110 वाहन चालकों को आंखों की देखभाल के लिए आवश्यक आई ड्रॉप भी वितरित की गई। शिविर में प्रशिक्षित नेत्र विशेषज्ञों और नर्सिंग स्टाफ ने चालकों को नियमित नेत्र परीक्षण तथा सुरक्षित वाहन संचालन के लिए आंखों की देखभाल के प्रति जागरूक किया। जिला परिवहन अधिकारी विपिन माहेश्वरी ने बताया कि सड़क सुरक्षा के लिए वाहन चालकों की दृष्टि क्षमता का बेहतर होना बेहद आवश्यक है। इसी उद्देश्य से यह शिविर पूरी तरह निःशुल्क आयोजित किया गया। कार्यक्रम के सफल संचालन में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग तथा परिवहन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

और पढ़ें

error: Content is protected !!