सलूम्बर में युवा संवाद कार्यक्रम, पेपर लीक और भर्ती परीक्षाओं की पारदर्शिता पर उठे सवाल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सलूम्बर। जिला मुख्यालय स्थित कांग्रेस भवन में गुरुवार को आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में शिक्षा, रोजगार और प्रतियोगी परीक्षाओं की पारदर्शिता जैसे मुद्दे प्रमुखता से छाए रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं ने भाग लेते हुए अपने विचार साझा किए तथा वर्तमान शिक्षा व्यवस्था और रोजगार के अवसरों को लेकर चिंताएं व्यक्त कीं।

कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी के कोटा में आयोजित “छात्रों की गूंज, युवाओं की आवाज” कार्यक्रम का रिकॉर्डेड संदेश और प्रसारण दिखाया गया। इसके बाद आयोजित खुली चर्चा में युवाओं ने मंच पर आकर शिक्षा की गुणवत्ता, भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता, बढ़ती बेरोजगारी और प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपने विचार रखे।
जिला प्रभारी दिनेश श्रीमाली ने कहा कि आज का युवा शिक्षा और रोजगार से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण सवालों का सामना कर रहा है। उन्होंने विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में सामने आए पेपर लीक मामलों और परीक्षा परिणामों को लेकर उठ रहे विवादों पर चिंता जताते हुए कहा कि ऐसी घटनाओं से युवाओं का विश्वास प्रभावित होता है।
उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में अपेक्षित सुधार नहीं होने से विद्यार्थियों और अभ्यर्थियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। श्रीमाली ने कहा कि लाखों छात्र-छात्राएं निष्पक्ष और पारदर्शी भर्ती प्रक्रियाओं की उम्मीद रखते हैं, ऐसे में परीक्षा प्रणाली को और अधिक विश्वसनीय बनाना समय की आवश्यकता है।
बैठक में मौजूद युवाओं ने भी शिक्षा व्यवस्था में सुधार, भर्ती परीक्षाओं की निष्पक्षता और रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की मांग रखी। कार्यक्रम के अंत में युवाओं के मुद्दों को प्राथमिकता से उठाने तथा उनकी आवाज को मजबूती देने का संकल्प व्यक्त किया गया।
इस अवसर पर एनएसयूआई के कार्यकर्ता, कांग्रेस पदाधिकारी, जिला स्तरीय कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।

और पढ़ें

error: Content is protected !!