लखनऊ हादसे के बाद सलूम्बर में फायर विभाग का सघन अभियान हॉस्पिटल, मॉल, ज्वेलर्स, लाइब्रेरी व कोचिंग सेंटरों को 30 दिन का नोटिस, सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर होगी कार्रवाई

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सलूम्बर। लखनऊ में हुए अग्निकांड के बाद जिले में अग्नि सुरक्षा को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो गया है। नगर परिषद आयुक्त गणपत लाल खटीक के निर्देश पर फायर विभाग ने शहर के प्रमुख व्यावसायिक एवं सार्वजनिक संस्थानों में फायर सेफ्टी व्यवस्थाओं का सघन निरीक्षण अभियान चलाया।

अभियान के तहत श्री राम लाइब्रेरी, आरोग्य गीतांजलि माँ हॉस्पिटल, दक्ष कोचिंग सेंटर, प्रताप लाइब्रेरी, वर्मा क्लिनिक, सागर गेस्ट हाउस, ट्रेंड मॉल, एमडी ज्वेलर्स एवं महेंद्रबापू ज्वेलर्स शोरूम का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर अग्निशमन यंत्र, आपातकालीन निकास, फायर अलार्म सहित अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं में कमियां पाई गईं।फायर विभाग ने संबंधित संस्थानों को 30 दिन के भीतर सभी कमियां दूर करने के लिए नोटिस जारी करते हुए निर्देश दिए हैं कि निर्धारित समय सीमा में फायर सेफ्टी मानकों की पूर्ण पालना सुनिश्चित करें। विभाग ने स्पष्ट किया है कि समय सीमा समाप्त होने के बाद दोबारा निरीक्षण किया जाएगा और कमियां बरकरार मिलने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

फायर ऑफिसर शिवराम कटारा ने बताया कि अभियान का उद्देश्य किसी भी संभावित अग्नि दुर्घटना से पहले सुरक्षा व्यवस्थाओं को मजबूत करना तथा जन-धन की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। वहीं लीडिंग फायरमैन देवेंद्र सिंह राठौड़ ने कहा कि सभी संस्थानों के लिए फायर सेफ्टी मानकों का पालन करना अनिवार्य है और लापरवाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

निरीक्षण अभियान के दौरान जयंत प्रद्युम्न दशोरा सहित फायर स्टेशन के दो फायरमैन भी मौजूद रहे। टीम ने विभिन्न संस्थानों का निरीक्षण कर संचालकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और समयबद्ध रूप से सुरक्षा व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए।

और पढ़ें

error: Content is protected !!