शिविर में मिली राहत: बेटी के विवाह से पहले मिली ₹41 हजार की सहायता, परिवार के चेहरे पर लौटी मुस्कान

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सलूम्बर, 2 जुलाई। ग्रामीण सेवा शिविर अब केवल सरकारी औपचारिकता नहीं, बल्कि जरूरतमंद परिवारों के लिए राहत का माध्यम बनते जा रहे हैं। विकास खंड सलूम्बर की ग्राम पंचायत जाबूडा में आयोजित शिविर में एक ऐसा ही मामला सामने आया, जहां एक पिता की बेटी के विवाह की चिंता प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से काफी हद तक दूर हो गई।
गांव के उदय लाल मीणा अपनी पुत्री जमना कुमारी के लिए मुख्यमंत्री कन्यादान योजना का आवेदन लेकर शिविर पहुंचे। शिविर में मौजूद अधिकारियों ने आवेदन और आवश्यक दस्तावेजों का मौके पर ही परीक्षण किया। प्रक्रिया पूरी होने के बाद उसी दिन आवेदन स्वीकृत कर परिवार को योजना के तहत ₹41 हजार की आर्थिक सहायता मंजूर कर दी गई।
समय पर सहायता मिलने से परिवार को बड़ी राहत मिली। लाभार्थी उदय लाल मीणा ने बताया कि पहले योजना का लाभ लेने के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते थे, लेकिन इस बार ग्रामीण सेवा शिविर में ही सभी औपचारिकताएं पूरी हो गईं। इससे समय की बचत हुई और बेटी के विवाह की तैयारियों को लेकर आर्थिक चिंता भी कम हुई।
प्रशासन का कहना है कि ग्रामीण सेवा शिविरों का उद्देश्य आमजन को सरकारी योजनाओं का लाभ सरल, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराना है। शिविरों में दस्तावेजों का सत्यापन, आवेदन स्वीकार करना और पात्र मामलों का त्वरित निस्तारण एक ही स्थान पर किया जा रहा है, जिससे ग्रामीणों को सरकारी सेवाओं के लिए अनावश्यक भागदौड़ नहीं करनी पड़ रही।

और पढ़ें

error: Content is protected !!