सलूम्बर, 2 जुलाई। ग्रामीण सेवा शिविर आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी माध्यम बन रहे हैं। गुरुवार को ग्राम पंचायत मानपुरिया का गुड़ा तहसील लसाड़िया में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर में एक ग्रामीण की वर्षों पुरानी नाम शुद्धिकरण की समस्या का मौके पर ही समाधान कर उसे सरकारी योजनाओं का लाभ मिलने का रास्ता साफ किया गया।
शिविर में पहुंचे लाभार्थी कमलेश पुत्र खरता ने बताया कि राजस्व अभिलेखों में उनका नाम गलत दर्ज होने के कारण वे विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं ले पा रहे थे। आवेदन प्राप्त होते ही शिविर प्रभारी के निर्देश पर संबंधित पटवारी ने आवश्यक दस्तावेजों का परीक्षण कर नियमानुसार कार्रवाई की और राजस्व रिकॉर्ड में दर्ज नाम “कमला पुत्र खरता” को संशोधित कर “कमलेश पुत्र खरता” दर्ज कर दिया।
नाम शुद्धिकरण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद लाभार्थी ने राज्य सरकार, जिला प्रशासन, शिविर प्रभारी एवं राजस्व विभाग का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ग्रामीण सेवा शिविर ने उनकी वर्षों पुरानी समस्या का तत्काल समाधान कर उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने का अवसर दिया है।
ग्रामीण सेवा शिविरों के माध्यम से इस प्रकार की समस्याओं का मौके पर समाधान कर आमजन को राहत प्रदान की जा रही है, जिससे प्रशासन के प्रति लोगों का विश्वास और मजबूत हो रहा है।