राजस्व अभिलेख में मौके पर हुआ संशोधन, ग्रामीण ने प्रशासन और राजस्व विभाग का जताया आभार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सलूम्बर, 2 जुलाई। ग्रामीण सेवा शिविर ग्रामीणों की लंबित समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी मंच बनते जा रहे हैं। लसाड़िया तहसील की ग्राम पंचायत मानपुरिया का गुड़ा में आयोजित शिविर में एक ग्रामीण के राजस्व रिकॉर्ड में वर्षों से चली आ रही नाम संबंधी त्रुटि का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जिससे उसके लिए विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ लेने का रास्ता खुल गया।
शिविर में पहुंचे कमलेश पुत्र खरता ने अधिकारियों को बताया कि राजस्व अभिलेख में उनका नाम गलत दर्ज होने के कारण उन्हें कई सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में लगातार परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। शिकायत पर शिविर में मौजूद राजस्व अधिकारियों ने आवश्यक दस्तावेजों की जांच की और नियमानुसार कार्रवाई करते हुए रिकॉर्ड में दर्ज नाम को संशोधित कर सही नाम दर्ज कर दिया।
नाम संशोधन की प्रक्रिया पूरी होते ही लाभार्थी के चेहरे पर संतोष दिखाई दिया। उन्होंने राज्य सरकार, जिला प्रशासन, शिविर प्रभारी और राजस्व विभाग का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि लंबे समय से लंबित समस्या का एक ही दिन में समाधान होना उनके लिए बड़ी राहत है। अब वे बिना किसी बाधा के पात्रता के अनुसार सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकेंगे।
प्रशासन का कहना है कि ग्रामीण सेवा शिविरों का उद्देश्य लोगों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। शिविरों में राजस्व, सामाजिक सुरक्षा, पेंशन, प्रमाण पत्र और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जा रहा है, जिससे ग्रामीणों का प्रशासन पर भरोसा लगातार मजबूत हो रहा है।

और पढ़ें

error: Content is protected !!