सलूम्बर। जिले में साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सलूम्बर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एस्कॉर्ट सर्विस का झांसा देकर लोगों से ऑनलाइन ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से बिना नंबर की एक थार, कई मोबाइल फोन, बैंक पासबुक, एटीएम कार्ड और अन्य महत्वपूर्ण डिजिटल साक्ष्य जब्त किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि जैताणा तालाब के निकट एक बिना नंबर की थार में बैठे कुछ युवक मोबाइल फोन के माध्यम से लोगों को एस्कॉर्ट सर्विस का लालच देकर उनसे ऑनलाइन रकम ऐंठ रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया और तीनों संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। तलाशी के दौरान उनके पास से साइबर अपराध से जुड़े कई दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद हुए।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी सोशल मीडिया और मैसेजिंग प्लेटफॉर्म पर फर्जी प्रोफाइल बनाकर लोगों को एस्कॉर्ट सर्विस उपलब्ध कराने का झांसा देते थे। इसके बाद वे एडवांस भुगतान अपने बैंक खातों में जमा करवाते और रकम मिलते ही संपर्क तोड़ देते थे। प्रारंभिक जांच में आरोपियों के बैंक खातों और डिजिटल लेन-देन से जुड़े कई संदिग्ध तथ्य भी सामने आए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हितेश पटेल (दाद, आसपुर), तेजपाल पटेल (दाद, आसपुर) तथा नरेश पटेल (जैताणा, झल्लारा) के रूप में हुई है। पुलिस ने तीनों के खिलाफ साइबर ठगी से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
फिलहाल पुलिस गिरोह के पूरे नेटवर्क, बैंक खातों, डिजिटल ट्रांजैक्शन और इस रैकेट से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की गहन जांच कर रही है। अधिकारियों का मानना है कि जांच आगे बढ़ने के साथ इस गिरोह से जुड़े और भी अहम खुलासे हो सकते हैं।