सलूंबर में पशु तस्करी पर पुलिस का शिकंजा, दो मंजिला ट्रक से 50 पशु मुक्त; पांच आरोपी गिरफ्तार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सलूंबर। जिले में पशु तस्करी और पशु क्रूरता के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सलूंबर थाना पुलिस ने बुधवार देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ट्रक से 50 पशुओं को मुक्त कराया। पुलिस ने इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर ट्रक जब्त कर लिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि पशुओं को नियमों के विपरीत बेहद संकरे स्थान में ठूंसकर ले जाया जा रहा था, जिससे उनके साथ क्रूरता की जा रही थी।
पुलिस अधीक्षक विश्नाराम विश्नोई के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रतन चावला एवं वृत्ताधिकारी के पर्यवेक्षण में डीएसटी टीम और सलूंबर थाना पुलिस गणेश घाटी क्षेत्र में नाकाबंदी कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से जयपुर की ओर जा रहे एक संदिग्ध ट्रक की सूचना मिली। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए ट्रक को रोककर तलाशी ली।
जांच में सामने आया कि ट्रक के भीतर लकड़ी के पट्टों और पार्टिशन की सहायता से दो मंजिला ढांचा तैयार किया गया था। इसमें 33 भैंसों और 17 बछड़ों सहित कुल 50 पशुओं को इस तरह भर रखा था कि उन्हें न तो ठीक से खड़े होने की जगह थी और न ही बैठने अथवा हिलने-डुलने की। पुलिस ने इसे पशु क्रूरता का गंभीर मामला मानते हुए तत्काल कार्रवाई की।
सभी पशुओं को सुरक्षित निकालकर इडाणा माता गौशाला भेजा गया, जहां उनके लिए चारा, पानी और चिकित्सकीय देखभाल की व्यवस्था कराई गई। वहीं ट्रक को जब्त कर उसमें सवार सलूंबर निवासी मुकेश, लोकेश और जीतू के साथ हरियाणा के पलवल निवासी शोएब तथा जमशेद को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध पशु क्रूरता निवारण अधिनियम सहित संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जिले में पशु तस्करी और अवैध परिवहन के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

और पढ़ें

error: Content is protected !!