सलूम्बर। जिले के लसाड़िया क्षेत्र में वन विभाग की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से गहरे कुएं में गिरा एक लेपर्ड सुरक्षित बचा लिया गया। दानितालाई वन क्षेत्र के खाबड़ मार्ग स्थित एक खुले कुएं में लेपर्ड के गिरने की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और योजनाबद्ध तरीके से रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
वन विभाग ने सबसे पहले कुएं के आसपास सुरक्षा घेरा बनाकर लोगों की भीड़ को नियंत्रित किया, ताकि रेस्क्यू कार्य में किसी प्रकार की बाधा न आए। इसके बाद टीम ने चारपाई और विशेष पिंजरे की सहायता से सावधानीपूर्वक लेपर्ड को कुएं से बाहर निकाला। पूरी कार्रवाई के दौरान लेपर्ड सुरक्षित रहा और किसी प्रकार की चोट नहीं आई।
रेस्क्यू के बाद लेपर्ड को प्राथमिक स्वास्थ्य परीक्षण के लिए बांसी नर्सरी भेजा गया, जहां वन्यजीव चिकित्सकों की निगरानी में उसकी जांच की जा रही है। वन अधिकारियों ने बताया कि यदि स्वास्थ्य परीक्षण में लेपर्ड पूरी तरह स्वस्थ पाया जाता है तो उसे उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया जाएगा।
वन विभाग ने आमजन से अपील की है कि जंगलों के आसपास स्थित खुले कुओं को सुरक्षित ढकें अथवा उनके चारों ओर सुरक्षा घेरा बनाएं, ताकि भविष्य में वन्यजीव इस तरह की दुर्घटनाओं का शिकार न हों।