चुनाव से पहले प्रशासन अलर्ट, हर बूथ की होगी पुलिस-प्रशासन की संयुक्त जांच संवेदनशील क्षेत्रों पर रहेगी पैनी नजर, नेटवर्क से लेकर बिजली-पानी तक व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश
सलूम्बर, 31 जुलाई। पंचायती राज एवं नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 को लेकर सलूम्बर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था से लेकर मतदान केंद्रों पर मूलभूत सुविधाओं तक किसी तरह की कमी न रहे, इसके लिए प्रशासन और पुलिस संयुक्त रूप से मैदान में उतरेंगे। प्रत्येक मतदान केंद्र का भौतिक निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं और संभावित समस्याओं की रिपोर्ट तैयार की जाएगी।
जिला कलक्ट्रेट सभागार में जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर मोहम्मद जुनेद पी.पी. तथा पुलिस अधीक्षक विशनाराम विश्नोई की संयुक्त अध्यक्षता में चुनाव तैयारियों की जिला स्तरीय समीक्षा बैठक हुई। इसमें उपखंड अधिकारियों, पुलिस अधिकारियों, थाना प्रभारियों और संबंधित विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।
हर बूथ की जमीनी हकीकत परखेगा अमला
बैठक में जिला कलक्टर ने सभी थाना प्रभारियों से पिछले चुनावों के अनुभव और आगामी चुनावों को लेकर तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीमें प्रत्येक मतदान केंद्र का निरीक्षण करें। बूथ तक पहुंच, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य संभावित परेशानियों को पहले ही चिन्हित कर उनका समाधान कराया जाए।
मतदान केंद्रों पर पेयजल, बिजली, शौचालय, रैंप और संचार सुविधा जैसी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों को कहा गया कि स्थानीय स्तर पर सामने आने वाली समस्याओं का तत्काल समाधान कराया जाए, ताकि मतदान के दिन किसी तरह की परेशानी खड़ी न हो।
दूरस्थ बूथों पर नेटवर्क की होगी विशेष तैयारी
दूर-दराज और नेटवर्क की दृष्टि से कमजोर क्षेत्रों को लेकर भी प्रशासन ने गंभीरता दिखाई। ऐसे मतदान केंद्रों की पहले से पहचान कर वैकल्पिक संचार व्यवस्था तैयार रखने को कहा गया है। उद्देश्य स्पष्ट है कि मतदान के दौरान किसी भी स्थिति में प्रशासन और बूथ के बीच संपर्क बाधित नहीं हो।
पुलिस विभाग को चुनाव में इस्तेमाल होने वाले वाहनों की तकनीकी स्थिति की भी पहले से जांच करने के निर्देश दिए गए हैं।
राजनीतिक गतिविधियों से दूरी, निष्पक्षता पर जोर
जिला निर्वाचन अधिकारी ने चुनाव ड्यूटी में लगे स्थानीय कार्मिकों को राजनीतिक गतिविधियों और चुनाव प्रचार से पूरी तरह दूर रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया में लगे अधिकारी-कर्मचारी निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाएं।
संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर वहां अतिरिक्त सतर्कता बरतने, चुनाव ड्यूटी के लिए अनुभवी अधिकारियों-कर्मचारियों की टीम तैयार करने तथा शस्त्र लाइसेंसों की नियमानुसार समीक्षा करने के निर्देश भी दिए गए।
युवाओं की गतिविधियों और असामाजिक तत्वों पर नजर
पुलिस अधीक्षक विशनाराम विश्नोई ने थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। आवश्यकता वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस जाब्ता उपलब्ध कराने के लिए समय रहते सूचना देने को कहा गया।
उन्होंने युवाओं की गतिविधियों पर सतर्क निगरानी रखने तथा असामाजिक तत्वों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। जरूरत पड़ने पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करने और पुलिस के मौजूदा अभियानों को और प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया गया।
हर बूथ पर बनेगा भरोसेमंद सूचना तंत्र
पुलिस अधीक्षक ने प्रत्येक मतदान केंद्र से जुड़े ऐसे जिम्मेदार और विश्वसनीय लोगों की पहचान करने के निर्देश दिए, जो किसी भी संदिग्ध गतिविधि या कानून-व्यवस्था से जुड़ी स्थिति की तत्काल सूचना प्रशासन और पुलिस तक पहुंचा सकें।
बैठक के अंत में उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अतिरिक्त जिला कलक्टर डॉ. दिनेश राय सापेला ने सभी विभागों से निर्धारित प्रारूप में आवश्यक सूचनाएं समय पर उपलब्ध कराने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए अभी से पूरी तैयारी करने के निर्देश दिए।