दो अवैध देशी पिस्टल और खाली मैगजीन के साथ आरोपी गिरफ्तार झल्लारा पुलिस व डीएसटी की संयुक्त कार्रवाई, संदिग्ध पुलिस को देखकर मुड़ने लगा तो दबोचा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सलूम्बर, 3 अगस्त। जिले में अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत झल्लारा थाना पुलिस एवं जिला विशेष टीम (डीएसटी) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो अवैध देशी पिस्टल, दो खाली मैगजीन और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार जिला पुलिस अधीक्षक, सलूम्बर के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं वृताधिकारी के निकट पर्यवेक्षण में अवैध हथियार रखने वाले अपराधियों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस टीम लगातार संदिग्ध व्यक्तियों पर निगरानी रखते हुए सूचना संकलन कर रही थी।

26 जुलाई को मिली थी सूचना

पुलिस को 26 जुलाई 2026 को विश्वसनीय मुखबिर से एक संदिग्ध व्यक्ति के संबंध में सूचना मिली। सूचना के आधार पर थाना झल्लारा पुलिस एवं डीएसटी की टीम ने संयुक्त रूप से नाकाबंदी और घेराबंदी की। इसी दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति पुलिस जाप्ते को देखकर वापस मुड़ने लगा। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे पकड़ लिया।
तलाशी लेने पर आरोपी की पहचान विशाल खराड़ी निवासी जावरा, जिला रतलाम (मध्यप्रदेश) के रूप में हुई। उसके कब्जे से दो अवैध देशी पिस्टल, दो खाली मैगजीन एवं दो मोबाइल फोन बरामद किए गए। आरोपी हथियारों के संबंध में कोई वैध अनुज्ञापत्र प्रस्तुत नहीं कर सका।

आयुध अधिनियम में मामला दर्ज

पुलिस ने बरामद हथियारों को नियमानुसार जब्त कर आरोपी के खिलाफ थाना झल्लारा में प्रकरण संख्या 172/2026, धारा 3/25 आयुध अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। मामले में अनुसंधान जारी है। पुलिस आरोपी से हथियारों की खरीद-फरोख्त एवं इनके उपयोग से संबंधित अन्य पहलुओं को लेकर भी पूछताछ कर रही है।

पुलिस टीम की भूमिका

कार्रवाई में थानाधिकारी धर्मेन्द्र सिंह, डीएसटी प्रभारी प्रताप सिंह, सहायक उप निरीक्षक जुलेदार, हेड कांस्टेबल भेरा राम, हेड कांस्टेबल नीरज, कांस्टेबल किरेन्द्र सिंह, कांस्टेबल सिद्धराज सिंह, कांस्टेबल रोकश एवं कांस्टेबल हनुमानाराम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस की अपील

जिला पुलिस सलूम्बर ने कहा कि अवैध हथियार रखने एवं आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी व्यक्ति के पास अवैध हथियार होने अथवा किसी आपराधिक गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल निकटतम पुलिस थाने या जिला पुलिस हेल्पलाइन नंबर 8764854809 पर सूचना दें। सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम पूर्णतः गोपनीय रखा जाएगा।

और पढ़ें

चुनावी तैयारियों की जमीनी पड़ताल: कलेक्टर ने अग्गड़ मतदान केंद्र और लसाड़िया तहसील कार्यालय का किया निरीक्षण मतदान केंद्र पर सुविधाओं का लिया जायजा, जनसुनवाई में सुनी ग्रामीणों की समस्याएं

चुनावी तैयारियों की जमीनी पड़ताल: कलेक्टर ने अग्गड़ मतदान केंद्र और लसाड़िया तहसील कार्यालय का किया निरीक्षण मतदान केंद्र पर सुविधाओं का लिया जायजा, जनसुनवाई में सुनी ग्रामीणों की समस्याएं

error: Content is protected !!