सेमारी में स्वास्थ्य चौपाल, महिलाओं-बालिकाओं को स्वास्थ्य के प्रति किया जागरूक एनीमिया, माहवारी स्वच्छता और पोषण पर हुई चर्चा, ग्राम पंचायतों की साथिनों व विद्यालय स्टाफ की रही मौजूदगी
सेमारी। महिला अधिकारिता विभाग की ओर से सेमारी में ब्लॉक स्तरीय स्वास्थ्य चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल में महिलाओं एवं बालिकाओं को स्वास्थ्य से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी देते हुए बेहतर स्वास्थ्य और स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के दौरान एनीमिया से बचाव, माहवारी के दौरान स्वच्छता, पोषण और पौष्टिक आहार जैसे विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई। महिलाओं एवं बालिकाओं को दैनिक खान-पान में पौष्टिक खाद्य पदार्थ शामिल करने तथा स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया गया।
चौपाल में महिलाओं के स्वास्थ्य से जुड़ी विभिन्न योजनाओं एवं सुविधाओं की जानकारी भी साझा की गई। साथ ही व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने और जरूरत पड़ने पर समय पर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लेने पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम में सभी ग्राम पंचायतों की साथिनें तथा विद्यालय का समस्त स्टाफ मौजूद रहा। स्वास्थ्य चौपाल के माध्यम से महिलाओं और बालिकाओं में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने तथा सरकारी योजनाओं की जानकारी घर-घर तक पहुंचाने का संदेश दिया गया।