सलूंबर, 07 नवंबर। उप जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ दिनेश राय सापेला ने शुक्रवार को सलूंबर विधानसभा क्षेत्र का दौरा किया तथा एसआईआर—2026 अंतर्गत किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने घर—घर जाकर मतदाताओं से किए जा रहे संपर्क कार्य और एसआईआर—2026 के बारे में विस्तृत चर्चा की।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी सापेला ने नीमा में बूथ संख्या 227 एवं 232 का निरीक्षण किया इस दौरान विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य की प्रगति की जानकारी ली एवं बी.एल.ओ. (Booth Level Officer) आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
इस दौरान उन्होंने मतदाताओं से संपर्क किया और इनुमेरेशन फेज के दौरान बीएलओ द्वारा किए जा रहे संपर्क के बारे में भी फीडबैक लिया। इस दौरान मौजूद वयस्क मतदाताओं से संवाद किया और एसआईआर को लेकर विस्तृत जानकारी दी।
उन्होंने बीएलओ से परिगणना प्रपत्र वितरण व संग्रहण, मतदाताओं की मैपिंग, मतदान केन्द्र पर मतदाताओं की संख्या, फील्ड में आने वाली चुनौतियों व समस्याओं आदि के बारे में जानकारी लेते हुए आवश्यक निर्देश दिए। संबंधित बीएलओ ने समुचित जानकारी दी।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि निर्वाचन आयोग द्वारा मतदाता सूची की शुद्धता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करने हेतु विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं, जिनका पालन प्रत्येक बी.एल.ओ. द्वारा अनिवार्य रूप से किया जाए। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची की गुणवत्ता निर्वाचन प्रक्रिया की नींव है, अतः प्रत्येक प्रविष्टि को सत्यापित एवं प्रमाणित करना आवश्यक है।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने उपस्थित बी.एल.ओ. से कहा कि वे समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करें ताकि जिले की मतदाता सूची पूर्णतः त्रुटिरहित एवं अद्यतन तैयार हो सके।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने बी.एल.ओ. रजिस्टर, गणना प्रपत्र की स्थिति का भी निरीक्षण किया। इस अवसर पर संबंधित पर्यवेक्षक अधिकारी एवं निर्वाचन शाखा के अधिकारी भी उपस्थित रहे।