वंदे मातरम के 150 वर्ष पूर्ण सलूम्बर जिले में हजारों विद्यार्थियों ने किया सामूहिक गायन, गूंज उठा राष्ट्रभक्ति का स्वर

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सलूंबर, 07 नवंबर। राष्ट्रीय गीत “वंदे मातरम” के 150 वर्ष पूर्ण होने के ऐतिहासिक अवसर पर आज सलूंबर जिले के समस्त विद्यालयों में एक साथ सामूहिक गायन का भव्य आयोजन हुआ। जिले के सभी राजकीय एवं निजी विद्यालयों में हजारों विद्यार्थियों और शिक्षकों ने एक साथ स्वर मिलाकर “वंदे मातरम” गाकर देशभक्ति का अद्भुत संदेश दिया।
इस अवसर पर विद्यालयों में विशेष सभाएँ आयोजित की गईं, जिनमें शिक्षकों ने विद्यार्थियों को वंदे मातरम के गौरवशाली इतिहास, इसके रचयिता बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय तथा भारतीय स्वतंत्रता संग्राम में इसकी प्रेरणादायक भूमिका के बारे में विस्तार से बताया।
शिक्षकों ने कहा कि “वंदे मातरम” केवल एक गीत नहीं, बल्कि यह भारत की आत्मा है — जो विविधता में एकता और मातृभूमि के प्रति समर्पण की भावना का प्रतीक है।
विद्यालय प्रांगण राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत वातावरण में गूंज उठे। विद्यार्थियों ने गर्व और उत्साह के साथ गीत गाकर अपने देश के प्रति प्रेम और सम्मान व्यक्त किया।
जिला शिक्षा अधिकारी महेश चंद्र आमेटा ने कहा कि “वंदे मातरम” राष्ट्रभक्ति, स्वतंत्रता और बलिदान की भावना का प्रतीक है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे इस गीत से प्रेरणा लेकर देश की एकता, अखंडता और गौरव की रक्षा में अपना योगदान दें।
यह आयोजन न केवल एक सांस्कृतिक कार्यक्रम रहा, बल्कि युवाओं में देशप्रेम, एकता और भारतीयता की भावना को सशक्त करने वाला ऐतिहासिक अवसर बन गया।

रिपोर्टर गर्ग

और पढ़ें

error: Content is protected !!