चित्तौड़गढ़। शनिवार दोपहर रिठोला चौराहे पर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब अजमेर नंबर की एक सफेद स्विफ्ट कार के बोनट से अचानक धुआं उठने लगा। कुछ ही मिनटों में आग इतनी भड़क गई कि पूरी कार लपटों में घिर गई।
आग लगते ही ड्राइवर कार छोड़कर मौके से फरार हो गया। इसी बीच जब फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने लगी, तो कार के बोनट से उड़ते हुए 100, 200 और 500 के जले नोट बाहर आने लगे।देखते ही देखते सड़क पर लाखों रुपये की नकदी जलकर बिखर गई। राहगीरों की भीड़ जमा हो गई और हर कोई हैरान था कि आखिर कार में इतनी बड़ी रकम कहां से और क्यों रखी गई थी। सूचना पर सदर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और कार को जब्त कर जांच शुरू की। शुरुआती जानकारी के अनुसार, यह कार उदयपुर की ओर जा रही थी। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि कार का चालक कौन था और नकदी का स्रोत क्या है।