उदयपुर। बॉलीवुड के प्रसिद्ध फिल्म डायरेक्टर विक्रम भट्ट और उनकी पत्नी श्वेतांबरी को 30 करोड़ रुपए की धोखाधड़ी के मामले में उदयपुर की एसीजेएम कोर्ट ने 7 दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस ने दोनों को सोमवार रात करीब 10 बजे मुंबई से उदयपुर लाया था। इसके बाद इन्हें चित्रकूट नगर स्थित महिला अपराध एवं अनुसंधान सेल में रखा गया। दोनों की गिरफ्तारी 7 दिसंबर को मुंबई में हुई थी।
मंगलवार दोपहर पुलिस ने दंपति को कोर्ट में पेश किया, जहां रिमांड को मंजूरी मिली। मामले की जांच डीएसपी छगन सिंह राजपुरोहित के नेतृत्व में जारी है।
कोर्ट में पेशी के दौरान विक्रम भट्ट और उनकी पत्नी मीडिया से लगातार चेहरा छिपाते नजर आए।
बताया जा रहा है कि भट्ट इस मामले को पहले ही जोधपुर हाई कोर्ट में चुनौती दे चुके हैं, जिसकी सुनवाई भी आज के लिए निर्धारित है।
पुलिस रिमांड के दौरान जांच टीम धोखाधड़ी से जुड़े लेनदेन, दस्तावेजों और निवेशकों से प्राप्त शिकायतों की गहन पूछताछ करेगी।