सलूंबर। महिला अधिकारिता विभाग सलूंबर के निर्देशन में चल रहे 100 दिवसीय बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत ग्राम पंचायत गुडेल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित हुआ। कार्यक्रम का नेतृत्व पंचायत की साथीन कमला मेघवाल ने किया।
साथीन कमला मेघवाल ने विद्यालय परिसर में विद्यार्थियों, अभिभावकों और स्थानीय ग्रामीणों को बाल विवाह के दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए समय से पूर्व विवाह न कराने की शपथ दिलाई। उन्होंने बताया कि बाल विवाह न केवल बच्चों के अधिकारों का हनन है, बल्कि उनके स्वास्थ्य, शिक्षा और भविष्य पर भी गंभीर प्रभाव डालता है।
कार्यक्रम में उपस्थित ग्रामीणों ने भी बाल विवाह को पूरी तरह समाप्त करने का संकल्प लिया और अभियान को सफल बनाने में सहयोग का आश्वासन दिया।
महिला अधिकारीता विभाग का यह अभियान क्षेत्र में लगातार जागरूकता फैलाने और बाल विवाह रोकथाम के प्रति सकारात्मक प्रभाव डालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।