सेरिया गांव में खेतों के बीच मिला मृत लेपर्ड, वन विभाग ने शुरू किया पोस्टमार्टम निमोनिया मौत का संभावित कारण, ग्रामीणों में दहशत

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सलूंबर के समीप स्थित सेरिया गांव में बुधवार सुबह सनसनी फैल गई, जब महाकालेश्वर महादेव मंदिर के पास खेतों की झाड़ियों में एक नर लेपर्ड मृत मिला। लेपर्ड कुछ देर तक अंतिम सांसें लेता रहा, जिसके बाद उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना ग्रामीणों ने तुरंत वन विभाग को दी। खेतों में पैंथर की मौजूदगी से खेत मालिक सहित आसपास के ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही वनपाल नाका सलूंबर से उदय सिंह चुंडावत, रविंद्र सिंह शेखावत, विजय सुथार और विजय राज सहित वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने सुरक्षा की दृष्टि से दूर से स्थिति का जायजा लिया और बाद में नजदीक जाकर पुष्टि की कि पैंथर मृत अवस्था में पहुंच चुका है।
मृत लेपर्ड को सलूंबर जिला मुख्यालय स्थित वन विभाग कार्यालय लाया गया। क्षेत्रीय अधिकारी दिलीप सिंह ने बताया कि पैंथर की उम्र लगभग 8 से 9 वर्ष आंकी गई है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई गई कि ठंड के कारण हुए निमोनिया से उसकी मौत हुई होगी। हालांकि, सटीक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही सामने आएगा।
वन विभाग ने नियमों के अनुसार पैंथर का पोस्टमार्टम शुरू कर दिया है। साथ ही पूरे क्षेत्र में वन्यजीवों की गतिविधि को देखते हुए पेट्रोलिंग भी बढ़ाई गई है। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से इलाके में लेपर्ड की आवाजाही देखी जा रही थी, जिससे गांव में डर का माहौल बना हुआ है। खेतों में मृत लेपर्ड का मिलना वन्यजीव संरक्षण और सुरक्षा को लेकर चिंता का विषय बन गया है।

और पढ़ें

error: Content is protected !!