सलूम्बर जिले के सेरिया गांव में बीती देर रात एक संगठित चोर गिरोह ने बेखौफ होकर बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने गांव के 12 से अधिक घरों के ताले तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। एक ही रात में हुई इन सिलसिलेवार चोरियों से पूरे गांव में हड़कंप मच गया है, वहीं ग्रामीणों में भय और आक्रोश का माहौल है।
ग्रामीणों के अनुसार, कई घरों में परिवार के सदस्य पास के कमरों में सो रहे थे, इसके बावजूद चोरों ने निर्भीक होकर चोरी की। इससे चोरों के हौसले बुलंद होने और संगठित गिरोह की आशंका को बल मिला है।
इन घरों में हुई बड़ी चोरियां
मोहन नारायण मेहता पचावत के घर से करीब 6 तोला सोना (टॉप्स, अंगूठी, हार) और 5 हजार रुपये नकद चोरी हुए। उन्होंने बताया कि परिवार महाराष्ट्र में एक शादी समारोह में गया हुआ था और उसी रात कुछ रिश्तेदारों के गांव में मिलने चले गए थे।बसंत गोविंद जसावत के घर से 1 तोला सोने के कान के टॉप्स और 5 हजार रुपये नकद चोरी किए गए, जबकि परिवार पास के कमरे में ही सो रहा था।
मणिलाल भगवान लोउवाट के घर से 25 हजार रुपये नकद, साढ़े तीन तोला सोने का हार और 1 तोला सोने का मंगलसूत्र चोरी हो गया। तड़ रत्नावत चौक स्थित मोतीराम गौतम पदमावत के घर से साढ़े 6 तोला सोने के आभूषण, ढाई किलो चांदी के आभूषण और 15 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए गए।इसके अलावा हेमराज शंकर पदमावत और मणिलाल हेमराज पदमावत के घरों के भी ताले तोड़े गए, हालांकि दोनों परिवार अहमदाबाद में रहते हैं और वहां से चोरों को कुछ नहीं मिला।
दुकानें भी बनीं निशाना
चोरों ने गांव की दुकानों को भी नहीं छोड़ा। जयंतीलाल मगन जैन की किराना दुकान से काजू और कुछ नकदी चोरी कर ली गई। बताया गया कि चोर मंदिर के पीछे बैठकर काजू खाते रहे और फिर एक रास्ते से फरार हो गए।
ग्रामीणों में दहशत, सुरक्षा पर सवाल
एक ही रात में इतनी अधिक चोरियों से ग्रामीणों में भारी चिंता है। लोगों का कहना है कि यह किसी संगठित चोर गिरोह की करतूत हो सकती है। गांव में रात की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में नाकाबंदी कर संदिग्धों की तलाश तेज कर दी है। ग्रामीणों ने जल्द से जल्द चोरों की गिरफ्तारी और गांव में रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है।