सलूम्बर जिले के गींगला थाना क्षेत्र के गुड़ेल गांव में स्थित नागणचिया माता मंदिर में हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मंदिर से चोरी हुए चांदी के छत्तर बरामद करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया है।
जिला पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार यादव के निर्देशन में तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रतन चावला के सुपरविजन में यह कार्रवाई की गई। वहीं वृत्ताधिकारी सलूम्बर हेरम्ब जोशी के गींगला थानाधिकारी धर्मेन्द्र सिंह वाघेला के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने आरोपी को पकड़ने में सफलता हासिल की।
सुबह पूजा में दिखे, शाम को हो गए गायब
प्रार्थी नाथूसिंह (42) निवासी गुड़ेल ने गींगला थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि गांव के नागणचिया माता मंदिर में स्थापित प्रतिमा पर चांदी के तीन छोटे छत्तर लगे हुए थे।दिनांक 4 दिसंबर 2025 की सुबह पूजा के समय ये छत्तर मौजूद थे, लेकिन शाम को पूजा के दौरान छत्तर गायब मिले। आसपास काफी तलाश की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। चोरी गए छत्तरों की कीमत करीब 17 से 18 हजार रुपये बताई गई।
मनोवैज्ञानिक पूछताछ में टूटा आरोपी
पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर प्रकरण संख्या 130/2025 धारा 305(डी) बीएनएस 2023 में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान संदिग्ध कालू उर्फ कालूलाल मीणा (28) निवासी घाटा धामनिया हवजी फला, थाना लसाड़िया को डिटेन कर मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी ने मंदिर चोरी की वारदात स्वीकार कर ली।
चोरी का माल और बाइक जब्त
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए चांदी के छत्तर तथा वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले भी चोरी के कई प्रकरण दर्ज हैं, जो वर्तमान में न्यायालय में विचाराधीन हैं।
गिरफ्तार आरोपी
कालूउर्फकालूलालमीणा पिता – होमा मीणा
उम्र – 28 वर्ष
निवासी – घाटा धामनिया हवजी फला
थाना – लसाड़िया, जिला सलूम्बर