सलूंबर जिले में आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के उद्देश्य से शहरी समस्या समाधान शिविर का आयोजन नगर परिषद परिसर में किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया, जिसमें महिलाओं की सहभागिता उल्लेखनीय रही।
शिविर के दौरान महिला अधिकारिता विभाग की ओर से महिलाओं को राज्य एवं केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी गई। विभागीय अधिकारियों ने महिला सशक्तिकरण से जुड़ी योजनाओं, सामाजिक सुरक्षा, स्वरोजगार, शिक्षा, पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी कार्यक्रमों पर प्रकाश डालते हुए पात्र महिलाओं को इनका लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर उपस्थित महिलाओं ने अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं, जिनका मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि शेष प्रकरणों को शीघ्र समाधान के लिए संबंधित विभागों को अग्रेषित किया गया। शिविर में अधिकारियों ने महिलाओं को सरकारी योजनाओं के लिए आवेदन प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज एवं संपर्क सूत्रों की भी जानकारी दी।
शहरी समस्या समाधान शिविर के माध्यम से महिलाओं को न केवल अपनी समस्याओं के समाधान का अवसर मिला, बल्कि सरकारी योजनाओं से जुड़कर आत्मनिर्भर बनने की दिशा में भी उन्हें महत्वपूर्ण संबल प्राप्त हुआ।