सलूंबर। सुशासन सप्ताह के अंतर्गत मंगलवार को जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कलेक्ट्रेट परिसर स्थित वीसी कक्ष में आयोजित इस कार्यशाला की अध्यक्षता सेवानिवृत्त भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारी एस. के. सोलंकी ने की।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए एस. के. सोलंकी ने कहा कि सुशासन का मूल उद्देश्य आमजन को समयबद्ध, पारदर्शी और संवेदनशील प्रशासन उपलब्ध कराना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसमस्याओं के निस्तारण में लापरवाही न बरती जाए और प्रत्येक प्रकरण का गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचना चाहिए। इसके लिए विभागों के बीच बेहतर समन्वय, तकनीक का प्रभावी उपयोग और जवाबदेही अत्यंत आवश्यक है।
कार्यशाला में उपस्थित अधिकारियों को नवाचार, ई-गवर्नेंस, शिकायत निवारण प्रणाली और जनसुनवाई को अधिक प्रभावी बनाने पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। साथ ही यह भी कहा गया कि अधिकारी फील्ड स्तर पर जाकर वास्तविक समस्याओं को समझें और त्वरित समाधान की दिशा में कार्य करें।
कार्यक्रम में जिला स्तरीय अधिकारी, विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि एवं कार्मिक उपस्थित रहे। कार्यशाला का उद्देश्य प्रशासनिक दक्षता बढ़ाना तथा सुशासन की अवधारणा को व्यवहार में उतारना रहा।