सलूम्बर ज़िले के जावर माइंस क्षेत्र स्थित महादेव की नाल निवासी होनहार फुटबॉल खिलाड़ी सुमीत मीणा ने खेल जगत में जिले के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। सुमीत का राज्य स्तरीय अंडर-17 फुटबॉल प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर राष्ट्रीय स्तर के अंडर-17 फुटबॉल कैंप के लिए चयन हुआ है। इस उपलब्धि से न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र में हर्ष और गर्व का माहौल है।
सुमीत मीणा वर्तमान में कोटा वोकेशनल हॉस्टल में अध्ययनरत हैं। इससे पूर्व वे महादेव की नाल विद्यालय के छात्र रहे हैं। सीमित संसाधनों और साधारण पारिवारिक पृष्ठभूमि के बावजूद सुमीत ने अपने अनुशासन, कठिन परिश्रम और निरंतर अभ्यास के बल पर फुटबॉल में यह मुकाम हासिल किया है।
सलूम्बर ज़िले का प्रतिनिधित्व करते हुए सुमीत मीणा ने विभिन्न राज्य स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिताओं में प्रभावशाली प्रदर्शन किया है। उनकी तेज़ गति, खेल की गहरी समझ और बेहतरीन टीम भावना ने चयनकर्ताओं को खासा प्रभावित किया, जिसके चलते उनका चयन राष्ट्रीय कैंप के लिए सुनिश्चित हुआ।
सुमीत के चयन की सूचना मिलते ही क्षेत्र के खेल प्रेमियों, शिक्षकों, ग्रामीणों एवं शुभचिंतकों ने उन्हें हार्दिक बधाइयाँ दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। यह उपलब्धि सलूम्बर ज़िले के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनी है।