महादेव मंदिर के पास सरकारी जमीन पर गुपचुप निर्माण

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सलूम्बर जिले में भबराना ग्रामीणों का विरोध, पंचायत से अवैध निर्माण पर रोक लगाने की मांग
ग्राम पंचायत भबराना में महादेव जी मंदिर के पास स्थित प्रजापत मोहल्ला क्षेत्र में पुरानी डिस्पेंसरी की जर्जर इमारत को गिराकर नए निर्माण कार्य शुरू किए जाने से गांव में विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई है। ग्रामीणों का आरोप है कि यह निर्माण कार्य बिना ग्राम पंचायत की स्वीकृति एवं बिना किसी सार्वजनिक सूचना के गणेशजी सुथार कर करवाया जा रहा है।
ग्रामीणों ने जब इस संबंध में ग्राम पंचायत भबराना के सचिव से जानकारी ली, तो सचिव ने स्पष्ट किया कि इस निर्माण कार्य की जानकारी उनके संज्ञान में नहीं है। सचिव के इस बयान के बाद पूरे मामले पर सवाल खड़े हो गए हैं कि आखिर पंचायत की जानकारी के बिना सरकारी भूमि पर निर्माण किसकी अनुमति से किया जा रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि सुनने में आ रहा है कि यह भूमि किसी समुदाय विशेष को दी जा रही है, जबकि राजस्व रिकॉर्ड के अनुसार यह जमीन पुरानी पोलवाडा बस्ती के अंतर्गत खसरा संख्या 6638 में दर्ज है। ग्रामीणों ने इस पर कड़ी आपत्ति जताते हुए कहा कि यह भूमि ग्राम पंचायत की है और इसका स्वामित्व ग्राम पंचायत के पास ही रहना चाहिए। ग्रामीणों ने मांग की है कि किसी भी जाति या समुदाय को यह भूमि न दी जाए और यहां हो रहे कथित अवैध निर्माण पर तत्काल रोक लगाई जाए।
ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि यदि समय रहते इस मामले में हस्तक्षेप नहीं किया गया, तो भविष्य में यह गंभीर विवाद और तनाव का कारण बन सकता है। उन्होंने ग्राम पंचायत भबराना के सरपंच एवं संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, निर्माण कार्य को तुरंत रुकवाने तथा भूमि रिकॉर्ड की जांच कर वास्तविक स्थिति को सार्वजनिक करने की मांग की है।
फिलहाल यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि पंचायत प्रशासन इस मामले को कितनी गंभीरता से लेता है और अवैध निर्माण के आरोपों पर आगे क्या कार्रवाई की जाती है।

रिपोर्टर नाथू लाल सालवी

और पढ़ें

error: Content is protected !!