सलूंबर आयुर्वेद विभाग एवं राष्ट्रीय आयुष मिशन के तत्वावधान में जैन बोर्डिंग, सलूंबर में आयोजित 10 दिवसीय निशुल्क आयुर्वेद शल्य एवं चिकित्सा शिविर का शुभारंभ हर्षोल्लास के साथ किया गया। शिविर का उद्घाटन आयुर्वेद विभाग के उपनिदेशक डॉ. राजीव भट्ट, सहायक निदेशक भानुकुमार जैन, नेता प्रतिपक्ष प्रभूलाल जैन एवं महावीर इंटरनेशनल के जडावचंद जैन द्वारा किया गया।
पूर्व वर्षों में शिविर की अभूतपूर्व सफलता को देखते हुए महावीर इंटरनेशनल द्वारा इस जनसेवा के पुनीत कार्य हेतु स्थल निशुल्क उपलब्ध कराया गया। उद्घाटन अवसर पर नगर परिषद उपसभापति अब्दुल रऊफ, सेवा भारती अध्यक्ष सोहनलाल भलवाड़ा, डॉ. संजय जैन, युवा शाखा अध्यक्ष गजेन्द्र शाह सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने शिविर का अवलोकन कर आयोजन की सराहना की।
पहले दिन की प्रमुख उपलब्धियां
शिविर के पहले ही दिन बड़ी संख्या में रोगियों ने निशुल्क सेवाओं का लाभ लिया।
59 मरीजों की एनसीडी (गैर संचारी रोग) स्क्रीनिंग एवं उपचार
35 मरीजों का पाइल्स, भगंदर एवं फिस्टुला हेतु क्षारसूत्र शल्य चिकित्सा पंजीकरण
149 रोगियों ने आयुर्वेद चिकित्सा सेवाओं का लाभ लिया
65 रोगियों ने पंचकर्म उपचार के लिए पंजीकरण कराया
इस प्रकार पहले दिन कुल 298 रोगियों को निशुल्क चिकित्सा लाभ प्रदान किया गया।
कल से योग सत्र की शुरुआत
शिविर के दौरान प्रतिदिन प्रातः 7:00 से 8:00 बजे तक निशुल्क योग अभ्यास सत्र आयोजित किया जाएगा। इसमें नागरिकों को योग एवं प्राचीन आयुर्वेदिक पद्धतियों के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का मार्गदर्शन दिया जाएगा।
आयुर्वेद समाज के लिए प्रभावी माध्यम
आयुर्वेद विभाग के उपनिदेशक डॉ. राजीव भट्ट ने कहा कि यह शिविर आयुर्वेद एवं योग की शक्ति को जन-जन तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम है। ऐसे आयोजन जिला मुख्यालय पर नियमित रूप से होने चाहिए। वहीं सहायक नोडल अधिकारी डॉ. जितेंद्र जोशी ने जिले में आयुर्वेद विभाग द्वारा किए गए नवाचारों एवं उपलब्धियों की जानकारी दी।
ओपीडी व पंजीकरण की जानकारी
निशुल्क ओपीडी का समय प्रातः 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक रहेगा। पाइल्स ऑपरेशन हेतु निशुल्क पंजीकरण की सुविधा भी उपलब्ध है।
कार्यक्रम के समापन पर शिविर प्रभारी डॉ. अख्तर हुसैन ने सभी अतिथियों, सहयोगी संस्थाओं एवं नागरिकों का आभार व्यक्त किया।